
सिंगरौली: 17 वर्षीय नाबालिग बालिका बरामद, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
सिंगरौली: थाना बैढ़न पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को आरोपी के कब्जे से दस्तयाब कर सकुशल परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना बैढ़न पुलिस को इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता मिली है प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को फरियादी द्वारा अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट थाना बैढ़न में दर्ज कराई गई थी। शिकायत में एक युवक पर बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह व्यक्त किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पता लगाया। जांच के दौरान बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा बालिका से पूछताछ के बाद प्रकरण में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है। आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि 18 वर्ष से कम आयु के नाबालिगों से संबंधित मामलों में विशेष सावधानी बरतें। साथ ही बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के नाबालिग के साथ यौन संबंध, दोनों पक्षों की सहमति होने पर भी पॉक्सो एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है।

पत्रकार अमरेन्द्र शुक्ला सिंगरौली