
डिण्डौरी नगर के स्थानीय राजूषा हायर सेकेण्डरी स्कूल में डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एस. के. गौतम (इंजी. पी.एच.ई) एंव विद्यालय प्राचार्य डॉ. राजबहादुर सिंह के द्वारा दीप प्रज्जलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें क्विज प्रतियोगिता, भाषण, गीत एवं कविता पाठ शामिल रहे। छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने विचारों के माध्यम से बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष एवं उनके महान कार्यों को प्रस्तुत किया। क्विज प्रतियोगिता में छात्रों ने भारतीय संविधान तथा डॉ. अंबेडकर के जीवन से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भाषण एवं कविता के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक समानता और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। क्विज ‘प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं के छात्र अयन पटैल प्रथम रहे। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 7वीं की छात्रा आर्या बर्मन प्रथम एवं कविता पाठ में कक्षा चौथी की छात्रा प्रांजलि उद्दे प्रथम रहीं।
विद्यालय प्राचार्य डॉ. राजबहादुर सिंह ने अपने उदबोधन में डॉ. अंबेडकर के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया एवं मुख्य अतिथि एस. के. गौतम ने भारतीय संविधान के निर्माण में बाबा साहेब के योगदान के बारें में विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्रों को पुरूस्कार देकर सम्मानित किया गया।