
पांढुर्णा में बढ़ती चोरी की घटनाओं से दहशत, जवाहर वार्डवासियों ने खोला मोर्चा
पार्षद दुर्गेश ऊईके के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग
संवाददाता – धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा शहर में हाल ही में अलग-अलग क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं ने नागरिकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। बीते दिनों साईं धाम कॉलोनी, संतोषी माता वार्ड और गणेश वार्ड में हुई चोरियों के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। लगातार सामने आ रही इन वारदातों से नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इसी क्रम में जवाहर वार्ड के रहवासियों ने भी चोरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वार्डवासियों ने एकजुट होकर क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

जवाहर वार्ड के पार्षद दुर्गेश ऊईके के नेतृत्व में नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मुलाकात कर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने, नियमित रात्रि गश्त करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती से निगरानी रखने की मांग रखी। नागरिकों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से लोगों में भय का माहौल है और रात के समय कई संदिग्ध लोगों की आवाजाही भी देखी जा रही है।
वार्डवासियों ने पुलिस प्रशासन से यह भी मांग की कि शहर में बिना सूचना और पुलिस सत्यापन के रह रहे किरायेदारों की जांच-पड़ताल की जाए। उनका कहना है कि कई स्थानों पर किरायेदार बिना वेरिफिकेशन के रह रहे हैं, जिससे अपराधियों को छिपने का मौका मिल सकता है।

नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
वार्डवासियों ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन और जनता मिलकर सतर्कता बरतें तो इन घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है और शहर में फिर से सुरक्षित माहौल स्थापित किया जा सकता है।