

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर।अपर पुलिस महानिदेशक, प्रयागराज जोन, प्रयागराज ज्योति नारायण का मंगलवार को जनपद हमीरपुर में प्रथम आगमन हुआ। आगमन पर उन्हें गार्द सलामी दी गई। इसके उपरांत रिजर्व पुलिस लाइन्स, हमीरपुर में जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने जनपद की वर्तमान कानून व्यवस्था, अपराधों की प्रवृत्ति, अपराधों के अनावरण, लंबित विवेचनाओं, प्रभावी पुलिसिंग, जनसुनवाई, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था तथा आगामी पर्व-त्योहारों एवं बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने अपराध नियंत्रण के लिए बीट प्रणाली को और अधिक मजबूत करने तथा थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया। महिला, बाल एवं साइबर अपराधों के मामलों में शीघ्र कार्रवाई तथा पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं प्रभावी पैरवी पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक कदम उठाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने एवं आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त आगामी महाशिवरात्रि पर्व एवं हाईस्कूल-इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा, पुलिस अधीक्षक जनपद हमीरपुर, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।