

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर। इस समय क्षेत्र में कुत्ता, बिल्ली, बंदर और सियार के काटने के मामले लगातार बढते जा रहे हैं जबकि जंगली सुअरों के हमलों के भी दो मामले सामने आ चुके। लेकिन जिम्मेदार मौन धारण किए हुए हैं।
इस समय मौदहा कोतवाली क्षेत्र और कस्बे में कुत्ते काटने की घटनाएं लगातार बढती जा रही हैं जबकि कस्बे में बंदरो का आतंक चरम पर है। लेकिन अभी तक किसी जिम्मेदार अधिकारी ने इस बडे मामले में न तो कुछ कार्यवाही की है और न ही कोई एडवायजरी जारी की है।
बडी आबादी वाले कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के आंकडों के अनुसार बीते जनवरी महीने में कुत्ते काटने के 435 मामले दर्ज किए गए हैं जबकि बिल्ली के काटने के चालीस मामले दर्ज किए गए हैं वहीं बंदरो द्वारा हमला कर जख्मी करने के नौ मामले सामने आए हैं तो वहीं किसानों पर सियार द्वारा हमला कर घायल करने के छः मामले भी दर्ज किए गए हैं इतना ही खेतोँ की रखवाली कर रहे किसानों पर जंगली सुअरों द्वारा हमला कर घायल करने के भी दो मामले दर्ज किए गए हैं।
बताते चलें कि कस्बे में इस समय बंदरो का आतंक चरम पर है और लोगों का सामान लेकर निकलना मुश्किल हो रहा है लेकिन राठ तक बंदर पकडने आई वन विभाग की टीम को मौदहा कस्बे आने का समय नहीं मिल सका है। जबकि इस सम्बन्ध में किसी जिम्मेदार अधिकारी ने कोई बयान जारी नहीं किया है।
