
चारा काटने गयी युवती को सर्प ने काटा हुई दर्दनाक मौत
रिपोर्टर मनमोहन गुप्ता 9783029649
भरतपुर। गुरुवार शाम बयाना क्षेत्र के डांडागांव में खेत में चारा काट रही 21 वर्षीय राजकुमारी पत्नी शंकर नाई को जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। डांडागांव निवासी राजकुमारी अपने पशुओं के लिए खेत में चारा काट रही थीं, तभी झाड़ियों में छिपे एक सांप ने उनके पैर में काट लिया। परिजन गंभीर हालत में उन्हें तुरंत बयाना के सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस आकस्मिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि हाल के दिनों में खेतों में सांपों की संख्या बढ़ने से किसानों और महिलाओं में भय का माहौल है। मृतका की शादी कुछ साल पहले ही हुई थी और उनके पति शंकर नाई हैदराबाद में मजदूरी करते हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर बयाना थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है।


