

*पचपेड़वा में छठ पूजा घाट का भव्य लोकार्पण, श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़*
पचपेड़वा (बलरामपुर)। आदर्श नगर पंचायत पचपेड़वा में निर्मित छठ पूजा घाट का रविवार को भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में नगरवासियों व श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मनोज तिवारी ने फीता काटकर घाट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रवि कुमार वर्मा ने कहा कि छठ घाट का निर्माण नगर के विकास और स्वच्छता अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह घाट श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक बनेगा और आगामी वर्षों में यहां भव्य आयोजन होंगे।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि घाट के निर्माण से श्रद्धालुओं को छठ पर्व के दौरान सुविधा मिलेगी और नगर का सौंदर्य भी निखरेगा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।