
रिपोर्टर : दिलीप कुमरावत Mob.No. 9179977597
मनावर। (जिला धार) कल शाम से आज दोपहर तक रिमझिम बारिश हुई। नगर और आसपास के क्षेत्रों में काले बादलों के बीच बारिश का दौर जारी है।
तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आई है। आज गुरुवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि बुधवार को यह 31 डिग्री सेल्सियस था। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में गर्मी और उमस अधिक हो रही थी। अंचल में जिन किसानों के पास पानी की पर्याप्त व्यवस्था थी उन्होंने गर्मी के कपास और मक्का की बुवाई कर दी।
बताया जाता है कि अधिकतम किसानो ने 15 से एक माह पूर्व कपास और मक्का की बुआई कर दी है, जो अंकुरित होकर लहराने लगी है। रिमझिम बारिश से इन फसलों को संजीवनी मिलेगी। जिन किसान की फसलें सिर्फ बारिश के पानी पर निर्भर है उन्होंने अपने खेत जोतकर तैयार कर रखे। बारिश रुकते ही बुआई कर दी जाएगी। मनावर, उमरबन और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में किसान सक्रिय हो गए हैं। कई किसान बीज, खाद, और कीटनाशक दवाई खरीदने बाजार जा रहे हैं। अंचल के किसान अधिकतर कपास, मिर्ची, मक्का, मूंग, उड़द, तुअर, और सोयाबीन की बुवाई करते है।
इस बार अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है। अच्छी बारिश से खरीफ फसलों को लाभ मिलेगा। मानसून ने तीन दिन में पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में मानसून का सामान्य आगमन 15 जून को होता है। पिछले साल यह 21 जून को आया था। गुजरात में स्थित मौसम प्रणाली के सक्रिय होने में एक-दो दिन लगेंगे। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बताई जा रही है।