हमीरपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर, आईजीआरएस सेल एवं संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति परखी।
उन्होंने निर्वाचन संबंधी 1950 टोल-फ्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेकर सत्यापन भी कराया जाए।
आईजीआरएस में जनपद की प्रदेश स्तर पर तीसरी रैंक को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार को सेंटर की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सोशल मीडिया पर मिलने वाली जनशिकायतों की भी लगातार निगरानी करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
