आलीराजपुर जिला ब्यूरोचिफ
दीपक शर्मा
आलीराजपुर:-
मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से दिनांक 27 अक्टूबर 2026 से 10 नवंबर 2026 तक 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। उक्त अभियान के अंतर्गत आलीराजपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी एवं इससे जुड़े अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
अभियान के दौरान अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, मादक पदार्थों के आदतन अपराधियों के विरुद्ध PIT NDPS Act के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई, वाणिज्यिक मात्रा के प्रकरणों में वित्तीय अनुसंधान, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, जारी गैर-जमानती वारंटों की तामीली तथा इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश हेतु अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आमजन की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिले में यदि किसी भी व्यक्ति को अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी, अवैध गतिविधियों अथवा अभियान से संबंधित उपरोक्त बिंदुओं के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त होती है, तो वह तत्काल आलीराजपुर पुलिस हेल्पडेस्क नंबर 7701042100 पर सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम एवं पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
आलीराजपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे के विरुद्ध इस अभियान में सहयोग करें तथा समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। आलीराजपुर पुलिस — नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, सुरक्षित समाज की ओर।
