मनावर के हक की लड़ाई को मिली नई मजबूती… उपमुख्यमंत्रियों के समक्ष उठे क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दे… नवोदय विद्यालय, सिविल अस्पताल और स्कूलों में पेयजल व्यवस्था को लेकर सौंपा ज्ञापन…..
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। मनावर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जिला पंचायत सदस्य गणेश जर्मन ने भोपाल पहुंचकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को दोनों उपमुख्यमंत्रियों के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।
मुलाकात के दौरान मनावर में जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वहीं मनावर के नवनिर्मित सिविल अस्पताल में बिजली और पानी की समस्या तथा कम वर्षा वाले क्षेत्रों के विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
*मनावर में ही हो नवोदय विद्यालय की स्थापना*
जिला पंचायत सदस्य गणेश जर्मन ने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जिला धार के लिए स्वीकृत नवीन जवाहर नवोदय विद्यालय को विद्यार्थियों की सुविधा, आवागमन और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मनावर में स्थापित किया जाना अधिक सुविधाजनक होगा।
उन्होंने बताया कि मनावर क्षेत्र ग्रामीण एवं आदिवासी बहुल है। मनावर तीनों दिशाओं से महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बीच स्थित है। कुक्षी, धरमपुरी और गंधवानी तहसीलों के अनेक गांवों से मनावर का सड़क मार्ग से सुगम आवागमन है। मनावर से कुक्षी क्षेत्र का अंतिम गांव, गंधवानी के बाग क्षेत्र तथा धरमपुरी क्षेत्र के अंतिम गांवों की दूरी भी लगभग 60 किलोमीटर के आसपास है। ऐसे में मनावर में नवोदय विद्यालय स्थापित होने पर इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपेक्षाकृत बेहतर पहुंच सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय के स्थान का निर्धारण केवल उपलब्ध भूमि के आधार पर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की पहुंच, क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, आवागमन और स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
*स्वास्थ्य सुविधा की दृष्टि से भी मनावर उपयुक्त*
गणेश जर्मन ने कहा कि आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य सुविधा भी महत्वपूर्ण होती है। मनावर में सिविल अस्पताल उपलब्ध है, जहां क्षेत्र की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्भर है। ऐसे में नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधा की दृष्टि से भी मनावर उपयोगी स्थान हो सकता है।
उन्होंने मांग की कि स्वीकृत नवोदय विद्यालय के लिए स्थान चयन करते समय मनावर की भौगोलिक स्थिति और आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों से विद्यार्थियों की पहुंच को प्राथमिकता दी जाए। ज्ञापन को लेकर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने इसे कलेक्टर धार को प्रेषित कर आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया।
*नवनिर्मित सिविल अस्पताल में बिजली की समस्या, मरीज परेशान*
मुलाकात के दौरान मनावर के नवनिर्मित सिविल अस्पताल की बिजली व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। गणेश जर्मन ने बताया कि अस्पताल की विद्युत लाइन ग्रामीण क्षेत्र की लाइन से जुड़ी होने के कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आती है। कई बार एक से दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से मरीजों और अस्पताल के स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि बिजली गुल होने के कारण एक्स-रे सहित विद्युत आधारित चिकित्सा उपकरणों के संचालन में बाधा आती है। भीषण गर्मी में मरीजों को परेशानी होती है तथा महंगे चिकित्सा उपकरणों पर भी बार-बार बिजली आने-जाने का प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है।
जिला पंचायत सदस्य ने मांग की कि सिविल अस्पताल को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति वाली लाइन से जोड़ा जाए, ताकि मरीजों को बिजली कटौती के कारण परेशानी न हो और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
*अस्पताल में पानी की भी समस्या, टंकी से सीधी लाइन की मांग*
सिविल अस्पताल में पेयजल व्यवस्था का मुद्दा भी उपमुख्यमंत्रियों के समक्ष रखा गया। गणेश जर्मन ने बताया कि अस्पताल परिसर में ट्यूबवेल तो लगा हुआ है, लेकिन उसमें पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण अस्पताल की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है।
उन्होंने सुझाव दिया कि मंगला देवी मंदिर परिसर स्थित पानी की टंकी से सिविल अस्पताल तक सीधी पेयजल लाइन डाली जाए। इससे अस्पताल में पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है और मरीजों, उनके परिजनों तथा अस्पताल स्टाफ को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। इसलिए यहां बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
*कम वर्षा वाले क्षेत्रों के स्कूलों में भी पेयजल व्यवस्था की मांग*
क्षेत्र में कम वर्षा के कारण उत्पन्न पेयजल संकट का असर विद्यालयों पर भी पड़ रहा है। गणेश जर्मन ने मांग की कि ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर जहां पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं है, वहां कुएं अथवा हैंडपंप की व्यवस्था कराई जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्कूल में स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होना मूलभूत आवश्यकता है। इसके लिए संबंधित विभागों को क्षेत्र की स्थिति का सर्वे कर आवश्यक व्यवस्था करनी चाहिए।
*जनहित के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा*
मुलाकात के दौरान मनावर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अन्य विकास कार्यों एवं जनहित के विषयों पर भी चर्चा हुई। गणेश जर्मन ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को शासन के समक्ष लगातार उठाना और उनके निराकरण के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने जिला पंचायत सदस्य द्वारा रखे गए मुद्दों को सुना तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
*‘मनावर में नवोदय’ की मांग को मिला नया आधार*
मनावर में नवोदय विद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं। अब जिला पंचायत सदस्य गणेश जर्मन द्वारा यह मुद्दा प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों के समक्ष उठाए जाने से मांग को शासन स्तर पर रखने का एक और अवसर मिला है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मनावर की भौगोलिक स्थिति, तीनों दिशाओं से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं को देखते हुए नवोदय विद्यालय के स्थान चयन में इन पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर अर्जुन जी बालीपुर एवं जुगल श्रोत्रिय, मनासा भी उपस्थित रहे।
