संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
पांढुर्णा / पांढुर्णा पुलिस ने गोवंश तस्करी एवं पशु क्रूरता के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार लंबित प्रकरणों एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक अमित दानी के मार्गदर्शन में थाना पांढुर्णा पुलिस को यह सफलता मिली है।
पहले प्रकरण में दिनांक 23.09.2026 को पांढुर्णा हाईवे स्थित शिवानी ओवरब्रिज के नीचे पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर वाहन क्रमांक MH 46 W 0147 मारुति स्विफ्ट को छोड़कर आरोपी फरार हो गया था। पुलिस द्वारा उक्त वाहन से 05 नग गोवंश बरामद कर जप्त किए गए थे। इस संबंध में थाना पांढुर्णा में अपराध क्रमांक 457/26, मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास कर प्रकरण के मुख्य फरार आरोपी अल्ताफ राजा पिता रशीद खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी बीटा भट्टी, हमीद नगर, यशोधरा चौक, नागपुर महाराष्ट्र को दिनांक 26.11.2026 को नागपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय पांढुर्णा के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर जेल दाखिल कराया गया। उक्त कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मालवीय, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र उइके, आरक्षक ओमवीर जाट एवं आरक्षक पंकज शर्मा का विशेष योगदान रहा।
दूसरे प्रकरण में दिनांक 25.11.2026 की रात्रि लगभग 01:00 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की लग्जरी कार क्रमांक MH 44 G 1215 में गोवंश भरकर छिंदवाड़ा की ओर से महाराष्ट्र होते हुए नागपुर ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी पांढुर्णा निरीक्षक अमित दानी के निर्देशानुसार पुलिस चौकी बड़ चिचोली द्वारा रात्रि में सघन वाहन चेकिंग प्रारंभ की गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध लग्जरी कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर चालक बड़ चिचोली के पास अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें निर्दयतापूर्वक भरे हुए कुल 07 नग गोवंश बरामद हुए, जिनमें से 05 गोवंश जीवित तथा 02 गोवंश मृत अवस्था में पाए गए। पुलिस द्वारा गोवंश एवं वाहन को विधिवत जप्त कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बड़ चिचोली सहायक उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद डोंगरे, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र उइके, आरक्षक पंकज शर्मा एवं आरक्षक ओमवीर जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही स्थानीय ग्रामवासियों श्रीकांत महाजन, राजू महाजन, आशीष उइके, कुणाल एवं ओंकार द्वारा पुलिस कार्रवाई में सराहनीय सहयोग प्रदान किया गया।
पांढुर्णा पुलिस द्वारा गोवंश तस्करी एवं पशु क्रूरता के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी है।
