मनोहरी स्कूल की सुरक्षा को मिलेगी मजबूती, 12.84 लाख से बनेगी चारदीवारी
विधायक संगीता देवी ने किया निर्माण कार्य का शिलान्यास, मुख्य द्वार का भी होगा निर्माण
बारसोई। प्रखंड के मनोहरी स्थित प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पहल शुरू की गई है। मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत विद्यालय परिसर में चारदीवारी और मुख्य द्वार का निर्माण कराया जाएगा। गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक संगीता देवी ने विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस योजना पर कुल 12 लाख 84 हजार 800 रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस मौके पर विधायक संगीता देवी ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है। विद्यालय परिसर में चारदीवारी और मुख्य द्वार बनने से स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही छात्र-छात्राओं को सुरक्षित शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा के साथ-साथ सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
शिलान्यास समारोह में विधायक प्रतिनिधि सागर साहा, समाजसेवी मोहम्मद फायक, रजीबुल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
