मौदहा, हमीरपुर। मौदहा तहसील क्षेत्र के पाटनपुर गांव स्थित काली कमली वाले स्वामी जी के आश्रम में 25 नवम्बर को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ।
कलश यात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया, जिससे गांव का माहौल धार्मिक और भक्तिमय हो गया। आश्रम सर्वेश्वर धाम पाटनपुर में आयोजित कथा में श्री रामदास शास्त्री जी (काली कमली वाले महाराज जी) के सानिध्य में धार्मिक आयोजन हो रहा है।
कथा वाचक श्री पंडित बाल कृष्ण जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत के प्रसंगों के माध्यम से धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान का संदेश देंगे। आयोजन के अनुसार कथा 25 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
25 नवम्बर को सुबह 9 बजे कलश यात्रा के बाद कथा का शुभारंभ किया गया। कथा का समापन 2 दिसंबर को गायत्री महायज्ञ एवं जगन्नाथ स्वामी के भंडारे के साथ होगा।
कार्यक्रम का आयोजन पाटनपुर स्थित काली कमली वाले स्वामी जी के आश्रम में किया जा रहा है। आयोजक परिवार ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से कथा में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
