हमीरपुर।जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार के निर्देशन में मौदहा बाँध नहर प्रणाली के अंतर्गत नहरों की सिल्ट सफाई एवं स्क्रैपिंग कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जनपद स्तर पर गठित तीन टीमों द्वारा लगातार स्थलीय एवं भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 25 नवंबर को भी गठित टीमों द्वारा विभिन्न नहरों में कराए गए सिल्ट सफाई कार्यों का भौतिक सत्यापन किया गया। इसके अतिरिक्त लखनऊ से आई टीम द्वारा भी नहरों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। जनपद स्तरीय टीमों में जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हैं।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता, मौदहा निर्माण खंड (सिंचाई), हमीरपुर ने बताया कि उनके खंड के अंतर्गत कुल 354 किलोमीटर लंबाई की 101 नहरें आती हैं। इन सभी नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य पूर्ण करा लिया गया है तथा 24 नवंबर से नहरों का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। नहर प्रणाली के हेड से मेन कैनाल में पानी भी छोड़ा जा चुका है।
नहरों की सिल्ट सफाई पूर्ण होने एवं संचालन शुरू होने से किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। इससे नहरों में पानी के प्रवाह में आने वाली बाधाएं दूर होंगी तथा किसानों को सिंचाई के लिए सुचारु रूप से पानी मिल सकेगा।
जिला प्रशासन द्वारा नहरों की सिल्ट सफाई की गुणवत्ता एवं जल प्रवाह की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। कार्यों का भौतिक सत्यापन एवं नहरों के सुचारु संचालन की निगरानी आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए समय से पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।
