संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़
पांढुर्णा / ग्राम भंदारगोंदी के प्राथमिक स्कूल में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन वितरित करने वाले ओम साई राम स्वसहायता समूह के खाते से हुए दो संदिग्ध भुगतानों ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया है। समूह का कहना है कि उसने किसी को कोई पेमेंट नहीं किया, फिर भी उसके खाते से दो बार में कुल 39800 रुपये निकल गए। अब सवाल यही उठ रहा है कि जब चेक बुक ही नहीं है, सहमति ही नहीं है, लेटर ही नहीं है, तो पैसा गया कैसे।
समूह का बैंक खाता बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पांढुर्णा में है। खाता नंबर 42190100001738 है। समूह के पदाधिकारियों का कहना है कि इस खाते की चेक बुक समूह के पास है ही नहीं। वर्तमान में समूह ने किसी को कोई पेमेंट नहीं किया है। संपूर्ण समूह की सहमति भी नहीं ली गई है। किसी प्रकार का कोई लेटर भी नहीं दिया गया है। इसके बाद भी खाते से भुगतान होना समूह के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
पहला मामला दिनांक 30/10/2026 का बताया जा रहा है। इस दिन समूह के खाते से रुपये 20500 किसी अज्ञात व्यक्ति कैलाश चंद्र टोपले के नाम से पेमेंट हुआ। समूह का कहना है कि वह इस व्यक्ति को नहीं जानता और उसने इस नाम से कोई भुगतान करने के लिए कहा ही नहीं था। इसके बाद दूसरा मामला दिनांक 07/11/2026 को सामने आया। इस दिन फिर से रुपये 19300 का पेमेंट हुआ। दो भुगतानों को मिलाकर कुल राशि 39800 रुपये हो जाती है। समूह का आरोप है कि दोनों भुगतान फर्जी तरीके से हुए हैं।
गांव में इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों के मन में यही सवाल है कि बच्चों के भोजन के लिए आने वाले पैसे के खाते से बिना जानकारी के पैसा कैसे निकल सकता है। समूह के सदस्यों में भी इस बात को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि यह पैसा समूह का है, बच्चों के भोजन का है, और इसकी एक-एक पाई का हिसाब होना चाहिए।
अब इस पूरे मामले में समूह ने जांच की मांग उठाई है। शाखा प्रबंधक को कल अध्यक्ष और सचिव द्वारा आवेदन दिया जा रहा है और जांच की मांग की जा रही है। समूह की मांग है कि दोनों भुगतानों की तत्काल जांच की जावे, यह पता लगाया जावे कि भुगतान किस आधार पर, किसके कहने पर और किस प्रक्रिया से हुआ, और समूह को पूरी जानकारी दी जावे।
