हमीरपुर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर बुधवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला कार्यालय यमुना पुल में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
जिलाध्यक्ष रामबाबू वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने चुनावी रणनीति और 'मिशन 2027' के तहत पार्टी के एजेंडे की जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
इसके लिए संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। पार्टी ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और प्रदेश को नशामुक्त बनाने को प्रमुख मुद्दा बताया।
साथ ही 'दारू मुक्त उत्तर प्रदेश' के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही गई। जिलाध्यक्ष रामबाबू वर्मा ने कहा कि आजाद समाज पार्टी जनपद के गरीब, शोषित और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्षरत है।
पार्टी प्रत्येक पीड़ित के साथ खड़ी है और सामाजिक न्याय एवं सुरक्षा के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी। इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री एवं मुख्य मंडल प्रभारी नीरज कश्यप, मंडल प्रभारी हसन खान गोलू, भीम आर्मी जिला संयोजक श्याम सुंदर वर्मा, नगर अध्यक्ष शेख जावेद, विधानसभा अध्यक्ष बृजेश निषाद, मंडल मीडिया प्रभारी शुभेंद्र धुरिया तथा जिला संयोजक आशीष विनायक सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
