8 से 70 वर्ष तक के महिला-पुरुष दिखा सकेंगे अभिनय प्रतिभा, निशा फिल्म प्रोडक्शन मनावर बना रहा है ‘भगत : एक निमाड़ी प्रेम कथा’….
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। निमाड़ और मालवा की लोकसंस्कृति, परंपराओं और क्षेत्रीय भाषा को सिनेमा के माध्यम से नई पहचान दिलाने की दिशा में मनावर में एक नई पहल होने जा रही है। निशा फिल्म प्रोडक्शन मनावर के बैनर तले आगामी क्षेत्रीय फिल्म ‘भगत : एक निमाड़ी प्रेम कथा’ का निर्माण किया जा रहा है। फिल्म के लिए कलाकारों के चयन की प्रक्रिया के तहत 19 नवंबर 2026 को मनावर में ऑडिशन आयोजित किया जाएगा। इसमें अभिनय का शौक रखने वाले महिला एवं पुरुष अपनी प्रतिभा दिखाकर फिल्म का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
फिल्म के निर्माता-निर्देशक एवं डायरेक्टर गणेश शिंदे हैं। उनके निर्देशन में बनने जा रही इस फिल्म के माध्यम से क्षेत्रीय सिनेमा को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बनाने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है। खास बात यह है कि ऑडिशन में शामिल होने के लिए किसी निश्चित आयु वर्ग तक सीमित नहीं रखा गया है। 8 वर्ष से लेकर 70 वर्ष तक के महिला एवं पुरुष ऑडिशन दे सकेंगे।
*नए चेहरों के साथ अनुभवी कलाकारों को भी मौका*
फिल्म निर्माण से जुड़े आयोजकों के अनुसार ऑडिशन में ऐसे युवा-युवतियां, बच्चे, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक भी भाग ले सकते हैं, जिन्हें अभिनय में रुचि है और जो पर्दे पर अपनी कला का प्रदर्शन करना चाहते हैं। इसके लिए किसी का फिल्मी दुनिया से जुड़ा होना जरूरी नहीं है। नए कलाकारों के साथ अनुभवी कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
फिल्म ‘भगत’ को निमाड़ी अंचल की प्रेम कहानी के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है। क्षेत्र की बोली, रहन-सहन, लोकजीवन और सांस्कृतिक परिवेश को बड़े पर्दे पर स्थान मिलने से स्थानीय कला एवं संस्कृति को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। साथ ही मनावर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी अभिनय प्रतिभाओं को सामने लाने का यह एक अच्छा अवसर साबित हो सकता है।
*होटल वेदांत एंड रिसॉर्ट में होगा ऑडिशन*
ऑडिशन का आयोजन 19 नवंबर 2026 को मनावर स्थित होटल वेदांत एंड रिसॉर्ट में किया जाएगा। इच्छुक कलाकार निर्धारित तिथि पर पहुंचकर ऑडिशन में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकते हैं।
फिल्म में अभिनय करने के इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 9926518417 पर संपर्क कर सकते हैं।
फिल्म निर्माता-निर्देशक गणेश शिंदे का यह प्रयास स्थानीय कलाकारों को क्षेत्रीय फिल्म उद्योग से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यदि मनावर और निमाड़ क्षेत्र के प्रतिभाशाली कलाकारों को इस माध्यम से अवसर मिलता है, तो आने वाले समय में क्षेत्रीय सिनेमा के क्षेत्र में मनावर की एक नई पहचान बन सकती है।
