कालपी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ का जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से लादा
कालपी (जालौन)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा उर्फ मोना मिश्रा का बुधवार दोपहर जालौन के कालपी में जोरदार स्वागत किया गया। वह झांसी में आयोजित होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए जा रही थीं। इस दौरान दुर्गा मंदिर चौराहे पर बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की।
झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर कालपी की सीमा में उनके काफिले के पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे कतारबद्ध होकर पार्टी के झंडे लहराते हुए उनका अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं और फूलों से स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। स्थानीय नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने भी स्वागत समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर राठ के पूर्व विधायक एवं बुंदेलखंड प्रभारी गयादीन अनुरागी, कालपी विधानसभा के पूर्व विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह सरसेला, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक आदित्य नगाइच, कालपी नगर अध्यक्ष अखिलेश अहिरवार, मोहनलाल श्रीवास और राहुल प्रजापति सहित कांग्रेस के अनेक नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं के स्नेह के लिए जताया आभार
स्वागत कार्यक्रम के दौरान आराधना मिश्रा ने कार्यकर्ताओं के उत्साह, स्नेह और सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के स्वागत के बाद झांसी में प्रस्तावित बैठक के लिए अपने काफिले के साथ प्रस्थान किया।
गायत्री निषाद की कलम से
