डिंडौरी मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जनपद पंचायत डिंडौरी के सभागार में नवांकुर संस्थाओं की एक दिवसीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, जल संचय, आदर्श ग्राम निर्माण तथा जनभागीदारी से विकास गतिविधियों को गति देने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में संभागीय समन्वयक रवि प्रसाद बर्मन, महाकोशल जनजातीय केंद्र बरगांव के प्रकल्प प्रमुख श्याम, आकांक्षी ब्लॉक जिला समन्वयक विकास जैन, जिला समन्वयक धर्मेंद्र चौहान सहित विभिन्न विकासखंडों के समन्वयक एवं नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। बैठक में विकास जैन ने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम एवं आकांक्षी जिला योजना के उद्देश्यों तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े प्रमुख संकेतकों की जानकारी दी। उन्होंने जनभागीदारी के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने जिले की उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया का जनजातीय क्षेत्र में विकास एवं नवाचारों के अध्ययन के लिए जापान जाने हेतु चयन हुआ है, जो जिले के लिए गौरव का विषय है। महाकोशल जनजातीय केंद्र बरगांव के प्रकल्प प्रमुख श्याम ने आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाले शिविर में नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों से सहयोग की अपील की तथा केंद्र द्वारा संचालित सामाजिक एवं जनजातीय कल्याण गतिविधियों की जानकारी दी। जिला समन्वयक धर्मेंद्र चौहान ने विगत एक वर्ष में जन अभियान परिषद के माध्यम से संचालित गतिविधियों एवं उपलब्धियों का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतिकरण किया।
संभागीय समन्वयक रवि प्रसाद बर्मन ने संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रस्फुटन समितियों को सक्रिय बनाने, संस्थाओं के दस्तावेजीकरण एवं गतिविधियों की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण, जल संरचनाओं के विकास, पर्यटन स्थलों के उन्नयन तथा जल संचय अभियान के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम में जनसहयोग, स्वैच्छिकता, सामूहिकता एवं स्वप्रेरणा से बोरी बंधान कार्य कराने पर जोर दिया। आदर्श ग्राम निर्माण के लिए जैविक ग्राम, जैविक खाद निर्माण, पारंपरिक खेती को प्रोत्साहन, संस्कार केंद्र, जन सूचना केंद्र एवं पुस्तकालय की स्थापना, नशामुक्त ग्राम, पर्यावरण संरक्षण, जन्मदिन पर पौधारोपण, पॉलिथीन मुक्त ग्राम एवं नीम ग्राम जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की बात कही। साथ ही आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम और जन अभियान परिषद की गतिविधियों के समन्वय से ग्रामीण विकास को गति देने पर चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास करना तथा नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों को सक्रिय बनाकर आदर्श ग्राम की संकल्पना को साकार करना रहा। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार विकासखंड समन्वयक डॉ. निलेश्वरी वैश्य ने किया।
