डिंडौरी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) रविशंकर सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में वार्षिक साख योजना (एसीपी), सीडी रेशियो तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि बैंक एवं विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जिले की आर्थिक प्रगति को गति दें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बैंकिंग गतिविधियां एवं व्यावसायिक लेन-देन अधिक होता है, वहां बैंक शाखा एवं एटीएम संचालन के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी ने प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों विशेषकर कृषि एवं उद्योग में ऋण वितरण बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़ सकें। साथ ही ऋण वसूली के लिए आरआरसी के माध्यम से प्रकरण दर्ज कराने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इन योजनाओं में हुई प्रगति पर कलेक्टर द्वारा संतोष व्यक्त करते हुए सभी बैंकों के कार्यों की सराहना की गई।
