हमीरपुर। महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश श्री पी.सी. मीना द्वारा आज अपराह्न जिला कारागार हमीरपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महानिदेशक कारागार ने पुरुष बैरकों की तलाशी कराई। इस दौरान कोई भी निषिद्ध वस्तु प्राप्त नहीं हुई। महिला बैरक का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने पाकशाला का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा बंदियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
महानिदेशक ने कारागार में निरुद्ध महिला एवं पुरुष बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान किसी भी बंदी द्वारा कोई शिकायत नहीं की गई। उन्होंने कारागार चिकित्सालय का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इसके अतिरिक्त कारागार परिसर में चल रहे विभिन्न मरम्मत कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। महानिदेशक ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने, परिसर में निरंतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने, बंदियों को नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री मंजीव विश्वकर्मा, जेलर श्री प्रभाकान्त पाण्डेय, कारागार चिकित्साधिकारी डॉ. शशांक सिंह, डिप्टी जेलर श्री देवेंद्र कुमार दुबे, श्रीमती सर्वेश कुमारी सहित अन्य कारागार कर्मचारी उपस्थित रहे।
