बानसूर। ग्राम पंचायत श्यामपुरा के एक खेत में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में ट्रैक्टर से हल जोत रहे चालक पर दो युवकों ने अचानक फायरिंग कर दी।
गनीमत रही कि पहला फायर खाली चला गया और ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, खेत में ट्रैक्टर चालक हल जोत रहा था।
इसी दौरान दो युवक मौके पर पहुंचे और चालक को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। पहला फायर खाली जाने के बाद आरोपियों ने दोबारा फायर करने का प्रयास किया।
इसी बीच पीछे से खेत मालिक कैलाश ने साहस दिखाते हुए देसी कट्टे को पकड़ लिया और दूसरी फायरिंग होने से रोक दी। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार भी पुलिस को सौंप दिया गया।
घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए खेड़ा पंचायत के ग्रामीण थाने पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहर सिंह गुर्जर निवासी कशु की ढाणी, श्यामपुरा तथा दीपक जाट निवासी जिलाला, ग्राम पंचायत श्यामपुरा के रूप में बताई गई है।
बताया जा रहा है कि मोहर सिंह गुर्जर पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
फायरिंग के पीछे का कारण क्या था और आरोपियों ने ट्रैक्टर चालक पर हमला क्यों किया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। अब बड़ा सवाल: आखिर खेत में काम कर रहे ट्रैक्टर चालक पर फायरिंग करने के पीछे क्या वजह थी?
