हमीरपुर। करवा चौथ के पावन पर्व पर पति की लंबी उम्र की कामना के लिए निर्जला व्रत रखने वाली एक महिला की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।
चांद देखने और पूजा-अर्चना के लिए छत पर गई महिला अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से परिवार में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। जानकारी के अनुसार, ललपुरा थाना क्षेत्र के रूरीपारा गांव निवासी आरती करवा चौथ का व्रत रखे हुए थी।
रात में चंद्रमा के दर्शन कर पूजा और अर्घ्य देने के लिए वह अपनी सास और देवरानी के साथ घर की छत पर गई थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतका के छह वर्षीय मासूम बच्चे के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया। जिस घर में करवा चौथ की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां पलभर में मातम छा गया।
