हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने जनसुनवाई के दौरान जनपद के दूरदराज क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना।
उन्होंने प्रत्येक फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता के साथ समझते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने गूगल मीट के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से वीडियो कॉल पर सीधे संवाद किया और विभिन्न शिकायतों के संबंध में तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारी शिकायतों को महज औपचारिकता न समझें, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ितों को वास्तविक राहत पहुंचाएं।
डीएम ने निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ आमजन की समस्याओं का समाधान करें।
