हमीरपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुछेछा स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों एवं परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है।
परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा बाह्य सह-केंद्र व्यवस्थापक तथा आंतरिक और बाह्य कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। उपजिलाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया है।
बाहर के जनपदों, विशेषकर प्रयागराज, बांदा और कौशांबी से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है। होटल और सराय संचालकों को उचित एवं किफायती दरों पर कमरे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही नगरपालिका परिषद सभागार, अंबेडकर पार्क और रैन बसेरों में भी अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों के आवागमन को आसान बनाने के लिए ई-रिक्शा चालकों द्वारा रियायती दरों पर तथा कुछ स्थानों पर निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
वहीं बेतवा और यमुना पुल पर भारी वाहनों के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए एआरटीओ और पीटीओ की ड्यूटी लगाई गई है। एनएचएआई के माध्यम से क्रेन की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी वाहन के खराब होने पर उसे तत्काल हटाकर यातायात सुचारू रखा जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रहें। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने, ठहरने और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
