गणेश पाण्डे , अखंड भारत समाचार डिण्डौरी
डिंडौरी शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव, जिला खेल अधिकारी मो. अहमद खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उत्सव में जिले के युवाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों एवं संस्थानों की घोषणा की गई।
समूह लोक नृत्य में शासकीय चंद्रविजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डिंडौरी प्रथम, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, डिंडौरी द्वितीय तथा शासकीय महाविद्यालय गाड़ासरई तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह लोकगीत में कन्या शिक्षक परिसर, समनापुर प्रथम, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, डिंडौरी द्वितीय तथा शासकीय चंद्रविजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डिंडौरी तृतीय स्थान पर रहा। इसी प्रकार नुक्कड़ नाटक में ज्ञानेश्वरी महाविद्यालय डिंडौरी प्रथम, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डिंडौरी द्वितीय तथा मॉडल स्कूल करंजिया तृतीय स्थान हासिल किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में दीप ज्योति यादव ने प्रथम, लक्षिता कांसी द्वितीय तथा यशी पांडे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कविता लेखन प्रतियोगिता में कार्तिक कुमार श्याम प्रथम, कुसुम कली मार्को द्वितीय तथा केसरी नंदा तृतीय स्थान पर रहीं।
डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की। जिला स्तरीय युवा उत्सव युवाओं की कला, संस्कृति एवं साहित्यिक प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को जिला एवं प्रदेश स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
विधायक मरकाम ने कहा कि डिंडौरी जिले की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। बैगा लोक नृत्य के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित अर्जुन सिंह धुर्वे तथा गोंडी चित्रकला के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित भज्जू सिंह श्याम और श्रीमती दुर्गावती श्याम ने जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भी अपनी कला, संस्कृति, लोक नृत्य एवं चित्रकला के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन करें और अपनी विशिष्ट पहचान बनाकर डिंडौरी जिले का नाम रोशन करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते ने कहा कि युवा उत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अपनी कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच है। डिंडौरी जिला जनजातीय कला, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। यहां के युवाओं में विभिन्न विधाओं में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने युवाओं से अपनी लोक संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने तथा शिक्षा, कला, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जिला स्तरीय युवा उत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक एवं साहित्यिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। आयोजन ने युवाओं की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
