*कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ।*
*भागवत कथा श्रवण से जीवन भगवत प्राप्ति की ओर बढ़ता है : व्यास।*
*पड़री मिर्ज़ापुर।* विकासखंड पहाड़ी के जद्दुपुर पहिती गांव में मंगलवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ दिव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कथा स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कथा का शुभारंभ किया गया।
प्रथम दिन कथा व्यास पंडित विष्णु द्विवेदी ने भागवत माहात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि मनुष्य के जीवन में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का होना आवश्यक है। उन्होंने नारद जी तथा सनकादिक ऋषियों से जुड़ी कथा का प्रसंग सुनाते हुए श्रीमद्भागवत के महत्व पर प्रकाश डाला।
धुंधकारी और गोकर्ण की कथा सुनाते हुए उन्होंने कहा कि कानों से सुना हुआ ज्ञान जब तक मनुष्य के अंतर्मन में नहीं उतरता, तब तक उसका वास्तविक कल्याण संभव नहीं है। भागवत कथा के श्रवण और उसके संदेश को जीवन में अपनाने से मनुष्य भगवत प्राप्ति की ओर अग्रसर होता है।
उन्होंने कहा कि सात दिनों तक होने वाले इस आयोजन को सप्ताह यज्ञ कहा जाता है। श्रद्धालुओं को भागवत कथा का श्रवण कर उसके संदेश को अपने जीवन में उतारना चाहिए।
इस दौरान पंडित श्रीनिवास ओझा, प्रेम शंकर शुक्ला, विजय चड्ढा, जय प्रसाद शुक्ला, पूनम शुक्ला, प्रमोद कुमार शुक्ला, माधवी शुक्ला सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
