हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कंपोजिट विद्यालय पतारा का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कक्षा छह से आठ के लिए नवनिर्मित भवन, संचालित कक्षाओं, मिड-डे मील तथा ग्राम पंचायत भवन में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। नवनिर्मित भवन में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने और खिड़कियों के शीशे ढीले पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
उन्होंने बीएसए मुकेश खरवार को सफाई, मरम्मत और फर्नीचर की व्यवस्था कराकर 15 दिनों के भीतर नए भवन में कक्षाएं शुरू कराने के निर्देश दिए। कक्षाओं में पहुंचकर डीएम ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया और 12 व 13 के पहाड़े समेत विभिन्न विषयों से सवाल पूछे।
बच्चों के सही जवाब देने पर उन्होंने संतोष जताया। मिड-डे मील का निरीक्षण कर बच्चों से भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली और निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि भोजन तैयार करने में गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का प्रयोग हो तथा परोसने से पहले शिक्षक-अभिभावक समिति से भोजन की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। इसके अलावा अग्निशमन यंत्रों को चालू हालत में रखने के निर्देश दिए।
पंचायत भवन की डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर उन्होंने ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
