मौदहा, हमीरपुर। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक एवं बहुजन आंदोलन के प्रमुख नेता कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी के बीच आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज होती नजर आईं। इसी क्रम में हमीरपुर सदर विधानसभा सीट से बसपा के टिकट के दावेदार मौदहा नगर पालिका अध्यक्ष रजा मोहम्मद उर्फ श्रीनाथ हजारों समर्थकों के साथ लखनऊ पहुंचे।
जनपद से बड़ी संख्या में लोगों को लेकर पहुंचे रजा मोहम्मद के इस शक्ति प्रदर्शन को हमीरपुर सदर विधानसभा सीट पर उनकी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। रजा मोहम्मद की सक्रियता के बाद हमीरपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, बसपा की ओर से अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन यदि पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाती है तो विधानसभा क्षेत्र का चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक जानकारों के बीच यह चर्चा भी है कि रजा मोहम्मद को टिकट मिलने की स्थिति में मुकाबला त्रिकोणीय और कांटे का हो सकता है।
ऐसे में जीत-हार का अंतर भी कम रहने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल, सभी की निगाहें बसपा के अगले राजनीतिक कदम और हमीरपुर सदर विधानसभा सीट पर पार्टी के संभावित प्रत्याशी को लेकर टिकी हैं।
