मौदहा, हमीरपुर। विकासखंड मौदहा क्षेत्र के ग्राम उड़दना में जलभराव और कीचड़ ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है।
गांव में लल्ला पाल के दरवाजे से बब्बू पाल के घर तक पासून मार्ग पर पानी भरा होने के साथ ही रास्ते में भारी कीचड़ जमा है। इसके चलते ग्रामीणों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया है।
सबसे अधिक परेशानी नन्हे स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। रास्ते में जलभराव और कीचड़ के कारण बच्चे जान जोखिम में डालकर दीवार से लटकते हुए रास्ता पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से रास्ते की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा जल निकासी और मार्ग को दुरुस्त कराने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर जलभराव की समस्या दूर कराने तथा रास्ते की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।
