डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने ओएसडी को पद से हटाया, मचा हड़कंप
भ्रष्टाचार के आरोपों पर डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का कड़ा एक्शन, ओएसडी दीपम रायचुरा को तत्काल प्रभाव से किया भारमुक्त!
मंदसौर – मध्य प्रदेश की सियासत में इस वक्त का सबसे बड़ा और सनसनीखेज अपडेट सामने आ गया है! उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के OSD (विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी) दीपम रायचुरा पर लगे कथित रिश्वत और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के बाद शासन स्तर पर आखिरकार गाज गिर ही गई। मीडिया और विभिन्न माध्यमों से मामला संज्ञान में आते ही उपमुख्यमंत्री ने तगड़ा एक्शन लेते हुए अपने OSD को तत्काल प्रभाव से उनके पद से भारमुक्त कर दिया है।
आते ही सामने आया आदेश, जांच के दिए सख्त निर्देश
उपमुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, दीपम रायचुरा के संबंध में समाचार पत्रों और सार्वजनिक मंचों पर प्रकाशित तथ्यों का संज्ञान लिया गया है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की दृष्टि से यह सख्त कदम उठाया गया है ताकि जांच की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी बनी रहे।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वाणिज्यिक कर विभाग को इस पूरे मामले की शीघ्र और गहराई से जांच करने के निर्देश दे दिए गए हैं। शासन स्तर पर अब जांच प्रतिवेदन का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की और भी बड़ी कानूनी कार्रवाई होने की पूरी संभावना है।
राजनीतिक गलियारों में मचा भूचाल:-
इस त्वरित कार्रवाई के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। जहां एक ओर कांग्रेस और विपक्षी दल इसे अपनी बड़ी राजनीतिक जीत और नैतिकता की मांग बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार के इस सख्त कदम से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। देखना यह होगा कि वाणिज्यिक कर विभाग की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद इस पूरे घूसकांड में और कौन-कौन से बड़े चेहरे बेनकाब होते हैं!
