संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
पांढुर्णा, 9 अक्टूबर 2026 | संवाददाता
आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने की।
बैठक में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित ध्वनि स्तर का पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित स्तर से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने पर डीजे जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से एक व्हाट्सएप नंबर सक्रिय किया जाए। जिस पर कोई भी नागरिक तेज आवाज में डीजे बजने की शिकायत दर्ज करा सकेगा। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
भजन-धार्मिक गीतों को दें प्राथमिकता
कलेक्टर ने आयोजकों से अपील की कि नवरात्रि की धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए आयोजनों में अश्लील गीतों के स्थान पर धार्मिक भजन एवं गीतों को प्राथमिकता दी जाए। सभी आयोजन धार्मिक आस्था और सामाजिक सद्भाव के अनुरूप हों।
गरबा स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
गरबा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने सभी गरबा आयोजकों को स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने और अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
अंत में कलेक्टर ने सभी जिलेवासियों से पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम श्रीमती अलका एक्का सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
