जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में 21 सितंबर को चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जनपद भर में कुल 989 वाहनों के चालान काटे गए। अभियान के तहत यातायात पुलिस और सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने इलाकों के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों तथा संवेदनशील मार्गों पर सघन बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग की।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन तलाशी ली गई। जांच के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने तथा बिना वैध कागजात के वाहन दौड़ाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और नियमों का अनुपालन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
