पंजाबी महीने के अवसर पर गुरुद्वारा कम्बोज सभा में हुआ अटूट लंगर, बड़ी संख्या में संगत ने ग्रहण किया गुरु का प्रसाद
स्वार। तहसील क्षेत्र के ग्राम मझरा बेवकता स्थित गुरुद्वारा कम्बोज सभा में हर माह की भांति इस माह भी पंजाबी महीने के अवसर पर गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया। धार्मिक आयोजन में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगत ने पहुंचकर गुरु का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुद्वारा कम्बोज सभा के ग्रंथी बाबा प्रभजोत सिंह द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पाठ से की गई। इसके बाद अरदास कर समस्त मानवता की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की गई।
अरदास के बाद संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने एक पंगत में बैठकर गुरु का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान संगत ने सेवा में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
गांववासियों के अनुसार गुरुद्वारा कम्बोज सभा में हर माह नियमित रूप से लंगर आयोजित किया जाता है। पूरे गांव का इसमें तन, मन और धन से सहयोग रहता है। आयोजकों ने बताया कि इस परंपरा का उद्देश्य समाज में सेवा, भाईचारे, एकता और मानवता का संदेश देना है।
