A2Z सभी खबर सभी जिले की

शाही पालकी में सवार होकर आज नगर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान बाबा बंकनाथ अटल दरबार

श्रावण माह के अंतिम सोमवार को निकलेगी भव्य राजसी सवारी, चलित झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र — नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पहुंचेगी गुप्तेश्वर कांच मंदिर, रात्रि में महाआरती के बाद होगा महाप्रसाद वितरण

रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर। जिला धार। श्रावण माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर मनावर नगर के प्राचीन एवं प्रसिद्ध बंकनाथ अटल दरबार मंदिर से आज सोमवार को भगवान बाबा बंकनाथ अटल दरबार की भव्य राजसी (शाही) सवारी धूमधाम एवं भक्तिमय वातावरण में निकाली जाएगी।

वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार बाबा बंकनाथ अटल दरबार सुसज्जित शाही पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे। राजसी सवारी को लेकर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों में खासा उत्साह है।

Related Articles

राजसी सवारी समिति के सदस्यों ने बताया कि राजसी सवारी दोपहर बाद बंकनाथ अटल दरबार मंदिर से प्रारंभ होगी। सवारी जूनी मनावर, नाला प्रांगण, क्रांति चौपाटी, टावर चौराहा, अंबेडकर चौराहा, गांधी चौराहा एवं मालवी चौपाटी सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुप्तेश्वर कांच मंदिर पहुंचेगी। यहां भगवान अटल दरबार का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आरती की जाएगी। इसके पश्चात नरसिंह मंदिर, जूनी मनावर स्थित पेड़ीघाट पर भी आरती का आयोजन होगा।

*भव्य स्वागत के बीच नगर भ्रमण करेगी राजसी सवारी* राजसी सवारी के दौरान भगवान बाबा बंकनाथ अटल दरबार शाही पालकी में विराजमान रहेंगे। सवारी में आकर्षक चलित झांकियां, भजन मंडलियां, ढोल-नगाड़े, झांझ-मंजीरे, बैंड-बाजे एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

सवारी के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भगवान का स्वागत किया जाएगा। नगर के प्रमुख मार्गों पर स्वागत मंच, बैनर एवं पोस्टर लगाए गए हैं।

राजसी सवारी को लेकर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सवारी के दौरान पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में नजर आएगा।

जगह-जगह भगवान बाबा बंकनाथ अटल दरबार के दर्शन एवं स्वागत के लिए श्रद्धालु मौजूद रहेंगे।

*नगर पालिका ने की व्यवस्थाएं, मार्गों पर विशेष साफ-सफाई* राजसी सवारी को लेकर नगर पालिका द्वारा भी व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सवारी मार्ग पर साफ-सफाई के साथ सड़क पर मौजूद गड्ढों को दुरुस्त करने तथा विद्युत प्रकाश व्यवस्था को बेहतर किया गया है। नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की गई हैं।

*रात्रि में मंदिर पहुंचकर होगी महाआरती, भक्तों को मिलेगा महाप्रसाद* गुप्तेश्वर कांच मंदिर नरसिंह मंदिर एवं पेड़ीघाट पर आरती के पश्चात राजसी सवारी पुनः नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रात्रि में बंकनाथ अटल दरबार मंदिर परिसर पहुंचेगी। मंदिर पहुंचने के बाद भगवान बाबा बंकनाथ अटल दरबार की विधिवत महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

राजसी सवारी को लेकर समिति, नगर पालिका, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। आयोजकों ने नगरवासियों एवं क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान बाबा बंकनाथ अटल दरबार की राजसी सवारी के दर्शन एवं स्वागत का लाभ लेने की अपील की है।

Show More
Back to top button