A2Z सभी खबर सभी जिले की

जिले के 14 पंचायतों में आयोजित हुआ सहयोग शिविर

भूमि विवाद और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों का निष्पादन


साइबर अपराधों के प्रति भी किया गया जागरूक

जहानाबाद। विकसित भारत और समृद्ध बिहार के संकल्प के साथ आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में मंगलवार को जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद की संयुक्त अध्यक्षता में परसबिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोनवॉ पंचायत में सहयोग शिविर एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जनसमस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निवारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शिविर के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों से जुड़े आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई।

पुलिस एवं प्रशासन की ओर से आमजन को यह भरोसा दिलाया गया कि उनकी समस्याओं के समाधान और बेहतर जनसेवा के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि मंगलवार को जिले के कुल 14 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। सभी शिविरों में जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे और लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई। गोनवॉ पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान साइबर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। आम लोगों को डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, साइबर ठगी के नए तरीकों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया। जिला प्रशासन ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।

Related Articles
Show More
Back to top button