

बस्ती से बड़ी खबर
बस्ती। विकासखंड हरैया की ग्राम पंचायत छपिया बुजुर्ग में कथित भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता राम सुमेर चौहान द्वारा ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव सत्येंद्र चौधरी पर मिलीभगत कर विकास कार्यों में भारी अनियमितता करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के बाद लोकायुक्त ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
आरोप है कि ग्राम पंचायत में बिना कार्य कराए ही कई लाख रुपये का भुगतान निकाल लिया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि पटरी सफाई और मरम्मत के नाम पर धन निकाला गया, जबकि मौके पर ऐसी कोई पटरी मौजूद ही नहीं है। इसके अलावा बिना तालाब खुदाई कराए लाखों रुपये के भुगतान का भी आरोप लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता ने 13 बिंदुओं पर विस्तृत शिकायत लोकायुक्त से की थी। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम प्रतिपाल चौहान ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। जांच टीम में एसडीएम हरैया, सीओ हरैया और वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी को शामिल किया गया है।
शिकायत में पंचायत सचिव सत्येंद्र चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि वह रोस्टर के अनुसार ग्राम पंचायतों में उपस्थित नहीं होते और ब्लॉक मुख्यालय के पास निजी कार्यालय बनाकर प्राइवेट मुंशी के माध्यम से कार्य संचालित करते हैं। सचिव के पास वर्तमान में सात ग्राम पंचायतों का प्रभार बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि छपिया बुजुर्ग की तरह अन्य ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्यों और भुगतान की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए तो बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार उजागर हो सकता है।
फिलहाल जांच टीम मामले की पड़ताल में जुट गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।