

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा/हमीरपुर। मौदहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एनएच-34 पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में वेगनआर कार सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 11 बजे वेगनआर कार संख्या यूपी 78 जेटी 6352 में सवार पांच लोग महोबा से कानपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही कार छिरका चौराहे के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक संख्या यूपी 78 एचएन 8511 से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मौदहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने नरेंद्र कुमार (55), मीना (54), राजकपूर (57) निवासी नवाबगंज कानपुर तथा कार चालक आयुष चौहान (25) निवासी लखनऊ को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रेखा (52) पत्नी नरेंद्र कुमार को जिला चिकित्सालय हमीरपुर से कानपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार ट्रक और उसके चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के शवों का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में पुलिस ने यातायात सुचारु करा दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-34 पर बिना डिवाइडर के लगातार हादसे हो रहे हैं। करीब एक पखवाड़े पहले भी इसी मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी, लेकिन अब तक सड़क सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।