

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर । क्षेत्र के सुरौली बुजुर्ग गांव के शीबू खान को आखिरकार दो साल बाद न्याय मिल गया। मामले में लंबे समय से चार्जशीट दाखिल न होने से परेशान शीबू खान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर अपनी पीड़ा जाहिर की थी। वीडियो में उसने ससुराल पक्ष और सीओ सदर पर गंभीर आरोप लगाए थे और न्याय न मिलने पर आत्महत्या करने तक की चेतावनी दी थी।
इस मामले को मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया। सोमवार को स्थानीय थाने के पैरोकार द्वारा अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी गई, जिससे पीड़ित को राहत मिली। लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे शीबू खान ने इस कार्रवाई के बाद संतोष जताया।
पीड़ित ने कहा कि यदि उसकी आवाज मीडिया के माध्यम से सामने न आती, तो शायद उसे न्याय मिलने में और देरी होती। उसने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खबर प्रकाशित होने के बाद ही संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
वायरल वीडियो को देखकर सोशल मीडिया में कमेंट्स करते हुए लोगों का भी कहना है कि इस तरह के मामलों में समय पर कार्रवाई होना बेहद जरूरी है, ताकि पीड़ितों का न्याय प्रणाली पर भरोसा बना रहे।
