
इमर्जेंसी से कई घंटों तक गायब रहते हैं चिकित्सक सदर अस्पताल

मरीज की तबीयत लगातार बिगड़ती रही, आपातकाल में कोई भी चिकित्सक उपलब्ध नहीं
जहानाबाद। सदर अस्पताल की इमरजेंसी से चिकित्सक कई घंटों तक गायब रहे। इससे इलाज के लिए आए मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार एक मरीज की पत्नी की तबीयत बिगड़ने के बावजूद उसे दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। मनु कुमार नामक व्यक्ति ने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद वे उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग दो घंटे तक वे अस्पताल में बैठे रहे, और उनकी पत्नी की तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन कोई भी चिकित्सक उपलब्ध नहीं था।
जब मनु कुमार ने स्वास्थ्य कर्मियों से डॉक्टरों की अनुपस्थिति के बारे में जानकारी लेनी चाही, तो उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिय, जबकि सरकार स्वास्थ्य विभाग को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जिला पदाधिकारी और सिविल सर्जन द्वारा अस्पताल का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों का सही ढंग से इलाज करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
परंतु अस्पताल की व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है, जिससे चिकित्सक की अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही उजागर होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं आए दिन होती रहती हैं, जहां चिकित्सक कई घंटों तक गायब रहते हैं। चिकित्सको की इस तरह की लापरवाही से स्वास्थ्य विभाग की छवि खराब हो रही है। अब देखना होगा कि सिविल सर्जन इस मामले में अनुपस्थित चिकित्सक के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं।