

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। सोमवार देर रात हमीरपुर-कानपुर सीमा पर स्थित यमुना पुल पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर के बाद एक दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी, इसी दौरान एक युवक पुल से नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी आदित्य जैन के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार की सामने से आ रही ब्रेजा कार से जोरदार भिड़ंत हुई थी। हादसे के बाद दोनों वाहन सवारों के बीच विवाद बढ़ गया और इसी बीच आदित्य पुल से नीचे गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक जिस स्थान पर गिरा वहां पानी नहीं था, बल्कि नीचे पत्थरीला हिस्सा होने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और कानपुर के सजेती थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीमा क्षेत्र सजेती थाना में आने के कारण पुलिस ने युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने वाहन में मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे-34 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

