
गरीबों के लिए सहारा बनी दीनदयाल रसोई, पांढुर्णा में सस्ती थाली से मिल रहा पोषण
वृद्ध एवं जरूरतमंदों को मिला सम्मानजनक जीवन, नियमित मिल रहा ताजा भोजन
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
मध्यप्रदेश शासन नगरीय विकास एवं आवास विभाग, वल्लभ भवन मंत्रालय भोपाल के आदेशानुसार नगरीय क्षेत्र पांढुर्णा में तृतीय चरण अंतर्गत 01 दीनदयाल रसोई केंद्र स्थायी रूप से संचालित किये जाने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। शासन आदेश के परिपालन में नगरपालिका परिषद पांढुर्णा द्वारा आवश्यक कार्यवाही करते हुए बस स्टैंड पांढुर्णा परिसर में दिनांक 05 सितंबर 2023 से दीनदयाल रसोई का संचालन किया जा रहा है।

दीनदयाल रसोई में प्रतिदिन भोजन कर रहे श्री शामराव कुर्वे ने बताया कि उनकी आयु लगभग 71 वर्ष है तथा उनके पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं है। वे प्रति माह वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त कर अपना जीवन यापन करते हैं। परिवार में कोई अन्य सदस्य नहीं होने के कारण वे अकेले निवास करते हैं। ऐसी परिस्थिति में श्री शामराव कुर्वे के लिए दीनदयाल रसोई एक बड़ा सहारा बनी है, जहां वे प्रतिदिन भोजन करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें यहां प्रतिदिन समय पर पौष्टिक एवं ताजा भोजन प्राप्त होता है, जिससे उनका जीवन काफी सहज और सुरक्षित हो गया है।

दीनदयाल रसोई के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को मात्र 5 रुपये प्रति थाली की दर से प्रतिदिन लगभग 250 व्यक्तियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह पहल न केवल आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए राहत प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर भी दे रही है। रसोई के संचालन का समय-समय पर अनुश्रवण समिति के सदस्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा निरीक्षण किया जाता है, जिससे व्यवस्थाओं की गुणवत्ता बनी रहती है। पांढुर्णा क्षेत्र में दीनदयाल रसोई के संचालन से ऐसे गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को, जिनके पास भोजन करने हेतु पर्याप्त संसाधन नहीं हैं, सस्ती दर पर भरपेट, पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध हो रहा है, जो इस योजना की सफलता को दर्शाता है।