

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद हमीरपुर में आज दिनांक 06 अप्रैल 2026 को HPV वैक्सीन का शुभारम्भ जिला पुरुष चिकित्सालय, हमीरपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर द्वारा किया गया। यह वैक्सीन 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (बच्चादानी के मुंह के कैंसर) से बचाव के लिए लगाई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, HPV वैक्सीन पहले से ही 165 देशों में उपयोग की जा रही है तथा उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में यह पूर्व में प्राइवेट सेक्टर में उपलब्ध थी। अब इसे सरकारी क्षेत्र में पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक किशोरियां इसका लाभ उठा सकेंगी।
बताया गया कि यह HPV वैक्सीन जिला चिकित्सालय हमीरपुर में प्रतिदिन (अवकाश छोड़कर) प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगाई जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि शीघ्र ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केन्द्रों पर भी HPV टीकाकरण शुरू किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की किशोरियों को भी सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर सीएमएस डॉ. आर.एस. प्रजापति, डॉ. के.एस. मिश्रा, डॉ. आर.टी. बनर्जी, डॉ. अनूप निगम (एसीएमओ), डॉ. संजय कुमार (डिप्टी सीएमओ), डॉ. पुष्पेन्द्र कुमार (डिप्टी सीएमओ), डॉ. सी.बी. राजपूत (जिला प्रतिरक्षण अधिकारी), डॉ. कमलेश चन्द्र (डिप्टी सीएमओ), डॉ. साक्षी प्रसाद (चिकित्सा अधिकारी पब्लिक हेल्थ), अनिल कुमार (एचईओ), गनेश प्रसाद (अपर शोध अधिकारी), सुमन राजपूत (यूसीपीडी), सिद्धार्थ शंकर सिंह (डीडीएम), पीयूष वर्मा (अरबन कोऑर्डिनेटर), डॉ. श्रेया अग्रवाल (आरआरटी टीम/डब्ल्यूएओ), सिद्धगोपाल त्रिवेदी (जेएसआई हमीरपुर) सहित अनेक स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनहित में अपील: स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14-15 वर्ष की बेटियों को समय पर HPV वैक्सीन लगवाकर सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित करें।