
5 वर्षीय यूकेजी के छात्र की हॉस्टल के अंदर चाकू मारकर हत्या।
गर्दन और आंख पर चाकू से वार के निशान।
आक्रोशित परिजनों ने गया-पटना मुख्य मार्ग को किया जाम।
जहानाबाद। जिले में 5 वर्षीय यूकेजी के छात्र की हॉस्टल के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक छात्र की पहचान बुलाकी बीघा गांव के धनंजय कुमार के बेटे आशु कुमार के रूप में हुई है।आशु के पिता ने कहा कि, सोमवार की सुबह 6 बजे हॉस्टल से फोनआया कि आपके बेटे की तबीयत खराब है। जब हम लोग हॉस्टल पहुंचे तो देखा कि आशु के गर्दन और आंख पर चाकू से वार के निशान हैं। घायल को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। आशु ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वारदात लोदीपुर स्थित गुरुकुल हॉस्टल में हुई।
छात्र के पिता धनंजय कुमार ने आरोप लगाया कि शिक्षकों की लापरवाही के कारण उनके बच्चे की मौत हुई है। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने गया-पटना नेशनल हाई-वे 22 को जाम कर दिया। परिजनों का कहना है कि जबतक प्रशासन की तरफ से एक्शन नहीं लिया जाएगा, जाम नहीं हटेगा। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश कर जाम को हटाया गया। पुलिस ने परिवार वालों से कहा है कि, जल्द ही दोषियों का पता लगा लिया जाएगा।
एस डी पी ओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि एक बच्चे की मौत हुई है। परिजन ने चाकू मारकर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं हॉस्टल इंचार्ज गिरने से मौत की बात कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हॉस्टल इंचार्ज को हिरासत में लिया है। बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।
गुरुकुल हॉस्टल गयाजी-पटना नेशनल हाई-वे पर है। ये 3 फ्लोर का हॉस्टल है। नीचे बच्चों को पढ़ाया जाता था। ऊपर के 2 फ्लोर पर कमरे थे जिनमें बच्चों को रखा जाता था। इस हॉस्टल में 100 से ज्यादा बच्चे रहते थे। इस घटना के बाद बाकी बच्चों के परिजन उन्हें अपने साथ लेकर चले गए हैं। हॉस्टल का पूरा स्टाफ फरार है। पुलिस ने हॉस्टल पर ताला लगा दिया है।