
डिण्डौरी प्राथमिक शाला डोमदादर जनशिक्षा केन्द्र कछारी विकासखण्ड शहपुरा में मीडिया में प्रसारित खबर “शौचालय भवन में बन रहा आंगनबाडी व प्राथमिक शाला के बच्चों का भोजन” अत्यंत खेदजनक है। संकुल प्राचार्य का यह पदीय दायित्व है कि संकुल अंतर्गत संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं का रोस्टर अनुसार निरीक्षण करते हुए संस्था में भोजन, पेयजल, भवन्, अध्ययन-अध्यापन की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करे। उक्त खबर पर प्राप्त पंचनामा प्रतिवेदन से यह प्रतीत होता है कि आपके द्वारा अधीनस्थ शैक्षणिक संस्थाओं के निरीक्षण में कोई रूचि नहीं ली जाकर पदीय कर्तव्यों की उपेक्षा की जा रही है।जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सहा आयुक्त द्वारा श्यामजी गुप्ता, संकुल प्राचार्य कछारी शहपुरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
दिनांक 28.03.2026 को ग्राम डोमदादर के मौका मुआयना हेतु महिला बाल विकास अधिकारी शहपुरा एवं बीआरसी शहपुरा को भेजा गया। वस्तुस्थिति की पंचनामा रिर्पोट के अनुसार माह नवम्बर 2025 से ग्रामवासियों एवं सरपंच की सहमति से सामुदायिक स्वच्छता परिसर में मध्यान्ह भोजन तैयार किया जा रहा है। भोजन पकाने की उचित व्यवस्था न होने की सूचना आपके द्वारा उच्च कार्यालय को नहीं दी गई, एवं स्वच्छता परिसर में विगत अनेक माहों से मध्यान्ह भोजन पकाया जाना आपकी गंभीर लापरवाही को उजागर करता है।
मध्यान्ह भोजन योजना के लिए उत्तरदायी स्व सहायता समूह, आंगनबाडी कार्यकर्ता एवं संस्था के शिक्षकों की नियमित मॉनिटरिंग यदि आपके द्वारा की जाती तो अस्वच्छ स्थान पर भोजन व्यवस्था किसी भी स्थिति में नहीं होती। इस खबर से जहां एक ओर विभाग की छवि धूमिल हुई है वहीं दूसरी ओर छोटे बच्चों के स्वास्थ्यवर्धक भोजन की उपलब्धता पर प्रश्न चिन्ह लगा है।
आपका उपरोक्त कृत्य प्रथम दृष्टया म.प्र. सिविल सेवा (आचरण नियम) 1965 के नियम 03 के तहत अशोभनीय आचरण है। क्यों न आपके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही संस्थित की जावे ? अपना समाधान कारक स्पष्टीकरण तीन दिवस के अंदर स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत करें।

