

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद हमीरपुर में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के नाम पर ठगी का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि कुछ अराजक तत्व योजना में आवास दिलाने के नाम पर आम लोगों से आवेदन भरवाकर विभाग, अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं।
प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सर्वसाधारण जनता को चेतावनी जारी की है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत किसी भी प्रकार का कोई शुल्क या पैसा शासन द्वारा निर्धारित नहीं है। योजना में आवेदन करने, नाम जुड़वाने या आवास स्वीकृत कराने के नाम पर किसी भी व्यक्ति से कोई धनराशि नहीं ली जाती।
“एक रुपया भी न दें” — प्रशासन की दो टूक अपील
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति योजना में लाभ दिलाने, फॉर्म भरवाने या अधिकारियों के नाम पर पैसा मांगता है तो उसे एक भी रुपया न दें। ऐसे लोगों के झांसे में आने से बचें और तत्काल उनके खिलाफ कार्रवाई कराएं।
ठग मिले तो तुरंत कराएं एफआईआर
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पैसा मांगने आपके पास आता है तो उसके खिलाफ तत्काल संबंधित थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराएं। साथ ही इस पूरे प्रकरण की जानकारी जिला प्रशासन हमीरपुर को लिखित रूप में तत्काल उपलब्ध कराएं, ताकि ऐसे ठगों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
गरीबों के हक पर डाका डालने वालों पर सख्ती
प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों को पक्का घर देने की महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में इस योजना के नाम पर ठगी करना सीधे-सीधे गरीबों के हक पर डाका डालने जैसा है। जिला प्रशासन के इस अलर्ट के बाद अब ऐसे फर्जी दलालों और ठगों पर शिकंजा कसने की तैयारी मानी जा रही है।