A2Z सभी खबर सभी जिले की

पांढुर्णा में गैस आपूर्ति पर्याप्त, तकनीकी समस्या से प्रभावित हुई बुकिंग — कलेक्टर की पहल से स्थिति स्पष्ट, अफवाहों से दूर रहने की अपील*

*पांढुर्णा में गैस आपूर्ति पर्याप्त, तकनीकी समस्या से प्रभावित हुई बुकिंग — कलेक्टर की पहल से स्थिति स्पष्ट, अफवाहों से दूर रहने की अपील*

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना -जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता और बुकिंग से संबंधित समस्याओं को लेकर उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सुन्दर सिंह कनेश एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिले में गैस आपूर्ति की वास्तविक स्थिति पर चर्चा की गई तथा उपभोक्ताओं को आ रही तकनीकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।

बैठक में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने स्पष्ट किया कि पांढुर्णा जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में डोमेस्टिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। जिले की गैस एजेंसियों के माध्यम से नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है और वितरण व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित हो रही है।

Related Articles

समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई कि पिछले कुछ समय से कई उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर बुकिंग के दौरान ओटीपी प्राप्त नहीं होने तथा बुकिंग नहीं हो पाने की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यह समस्या गैस आपूर्ति की कमी के कारण नहीं, बल्कि तकनीकी कारणों से सर्वर डाउन होने के कारण उत्पन्न हुई थी। सर्वर में आई तकनीकी समस्या के चलते ओटीपी जनरेट नहीं हो पा रहा था, जिससे उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग करने में असुविधा हो रही थी और बुकिंग प्रक्रिया अस्थायी रूप से प्रभावित हुई।

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में गैस की किसी प्रकार की किल्लत नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। पर्याप्त मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से व्यवस्थित है।
प्रशासन की सक्रियता के चलते संबंधित तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया गया है और अब सर्वर पुनः सामान्य रूप से कार्य कर रहा है। इसके साथ ही ओटीपी जनरेशन की प्रक्रिया भी पुनः प्रारंभ हो गई है, जिससे गैस सिलेंडर की बुकिंग पहले की तरह सुचारु रूप से की जा सकेगी।

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने जिले के सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की आवश्यकता नहीं है। यह केवल तकनीकी समस्या थी, जिसका समाधान कर लिया गया है। यदि किसी उपभोक्ता को गैस बुकिंग से संबंधित कोई समस्या आती है तो वे संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और गैस आपूर्ति की व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने यह भी अपील की है कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर गैस आपूर्ति से संबंधित भ्रामक या असत्य जानकारी प्रसारित न करे। इस प्रकार की भ्रामक खबरें फैलाने से अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर गलत या भ्रामक जानकारी फैलाते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) सुश्री रीता मर्सकोले एवं जूनियर सप्लाई ऑफिसर (JSO) श्री जितेंद्र शिल्पी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!