

डिंडौरी : 06 मार्च, 2026
वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डिंडौरी, शहपुरा एवं बजाग, तहसीलदार डिंडौरी, शहपुरा, बजाग तथा नायब तहसीलदार शहपुरा, अमरपुर, समनापुर, नवसा, मेहदवानी, रायपुरा एवं करंजिया को पत्र जारी कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जारी निर्देशों में बताया गया है कि म.प्र. सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर तथा कमिश्नर जबलपुर संभाग के पत्रों के तारतम्य में वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तिथियां निर्धारित की गई हैं। माननीय कार्यपालक अध्यक्ष, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार यह लोक अदालतें क्रमशः 14 मार्च 2026, 09 मई 2026, 12 सितम्बर 2026 तथा 12 दिसम्बर 2026 को आयोजित की जाएंगी।
जिला प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि इन लोक अदालतों में प्री-लिटिगेशन (मुकदमा पूर्व) तथा न्यायालयों में लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों को अधिक से अधिक संख्या में प्रस्तुत कर उनका निराकरण कराया जाए, ताकि आपसी समझौते के माध्यम से विवादों का त्वरित समाधान हो सके।
यह निर्देश 06 मार्च 2026 (शुक्रवार) को जिला दण्डाधिकारी कार्यालय डिंडौरी से जारी किए गए हैं।