

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। रंगों का पर्व होली जिले भर में हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। मौदहा, सुमेरपुर, मुस्करा और राठ सहित पूरे जिले में सुबह से ही लोगों में होली को लेकर उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह युवाओं की टोलियां रंग और गुलाल उड़ाते हुए सड़कों पर नाचती-गाती नजर आईं।

कस्बों और गांवों में लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर डीजे और ढोल की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। बच्चे भी पिचकारी और रंगों के साथ होली की मस्ती में डूबे दिखाई दिए।
त्योहार के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह सतर्क रही। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
होली के इस रंगीन माहौल में पूरे जिले में खुशी और उत्साह का वातावरण बना रहा और लोगों ने मिल-जुलकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।